📰 पूरी खबर:
बिजौलिया( घनश्याम पाराशर ).भीलवाड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पुलिस थाना बिजौलिया एवं जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक लग्जरी टाटा सफारी कार से 355 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 40 हजार रुपये के इनामी अपराधी कपिल को अवैध अफीम डोडा चूरा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार टाटा सफारी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए अवैध मादक पदार्थ अफीम डोडा चूरा की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 53 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। भीलवाड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।