नीमच । वर्तमान में ईरान के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। हालांकि इस मौसम प्रणाली की आवृति कमजोर होने के कारण इसके आगे बढऩे पर उत्तर भारत के पहाड़ों पर कुछ बर्फबारी हो सकती है, लेकिन इसका प्रभाव मध्य प्रदेश के मौसम पर पडऩे की संभावना काफी कम है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में हवा का रुख पूर्वी बना हुआ है। इससे मौसम शुष्क हो रहा है। इससे धूप में चुभन बढऩे लगी है। उधर शाम ढलने के बाद हवाओं का रुख उत्तरी हो जाने से रात में हल्की ठंडक बरकरार है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी बना रहने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक जम्मू के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ चुका है। उधर ईरान के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में सक्रिय हो गया है। इसके अतिरिक्त विदर्भ से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके प्रभाव से हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है। इस वजह से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। साथ ही धूप में चुभन महसूस होने लगी है।