हरवार(विनोद सांवला)। मध्य प्रदेश के जिला मुख्यालय नीमच से जीरन प्रतापगढ़ मार्ग पर गांव हरवार के पश्चिम पहाड़ियों में स्थित अति प्राचीन जलेश्वर महादेव शिवालय पर प्रतिवर्षानुसार महाशिवरात्रि पर्व भक्ति भाव पूर्वक मनाया जाएगा।इस वर्ष 8 मार्च 2024 शुक्रवार को जलेश्वर महादेव सेवा समिति व ग्राम वासियों के सहयोग से महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर महा भंडारे का आयोजन किया जा रहा है जिसमें शिवालय पर दर्शनार्थ आने वाले हजारों श्रद्धालु महा प्रसादी का लाभ लेंगे। यहां उल्लेख करना अनिवार्य है की जलेश्वर महादेव शिवालय अरावली की पहाड़ियों के मध्य बसा अति प्राचीन शिवालय हैं जहां ऋषि मुनियों ने अपनी तपस्या की है यह धार्मिक प्राकृतिक रमणीय स्थान है क्षेत्र वासियों की आस्था का केंद्र है जलेश्वर महादेव। यहां 12 महीने जल रहता है यह ईश्वर की देन है और महादेव जी का प्राचीन मंदिर है इसीलिए इसे जलेश्वर महादेव कहा जाता है जहां 12 महीने लोगों की आवा जाही बनी रहती हैं सावन भादो में खूब श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं वहीं ग्राम पंचायत हरवार के तत्वावधान में प्रतिवर्ष बैसाखी अमावस्या को मेले का आयोजन होता है। विगत 8 वर्षों से यहां महाशिवरात्रि के पर्व पर हर वर्ष विशाल भंडारे का आयोजन किया जाने लगा पूरा माहौल दिन भर मेले जैसा रहता है दिनभर श्रद्धालु दर्शनार्थ उमड़ते हैं और भोले बाबा के दरबार में पूजा- पाठ, भजन- कीर्तन कर आनंदित होते हैं महाशिवरात्रि पर यहां आने वाले दुकानदारों से किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। छोटी-छोटी दुकानें कुल्फी, चाट, चाय, मनीहारी वाले भी यहां आते है। जलेश्वर महादेव सेवा समिति ने क्षेत्र वासियों से तन मन धन के साथ इस महा आयोजन में हिस्सा लेकर महाशिवरात्रि के पवित्र त्यौहार पर सहयोग की अपेक्षा की है। जलेश्वर महादेव सेवा समिति ने समस्त शिव भक्तों से महाशिवरात्रि के इस आयोजन में पधारने का अनुरोध किया है।
*महाशिवरात्रि पर्व पर बड़ी सौगात*
गौरतलब है कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी हसरत हरवार से जलेश्वर महादेव तक सड़क को इस वर्ष महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार व सांसद सुधीर गुप्ता द्वारा क्षेत्र वासियों को बड़ी सौगात देकर डामरीकरण युक्त सड़क की स्वीकृति प्रदान करवाई है जिससे क्षेत्र में अपार हर्ष है वही सांसद व विधायक महोदय के प्रति क्षेत्र वासियों ने आभार व्यक्त किया है।