*चारों ओर गूंजे हर- हर महादेव...जय बम भोले बाबा के जयकारे-*

*चारों ओर गूंजे हर- हर महादेव...जय बम भोले बाबा के जयकारे-*



     *जलेश्वर महादेव की शरण में पहुंचा श्रद्धा का सैलाब -*

हरवार (राजू जाट)। महाशिवरात्रि के अवसर पर हरवार के पूरे अंचल में स्थित शिवालयों में शुक्रवार को प्रातः से ही भक्तों का तांता लगने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था।  शिवालयों में बम -बम भोले के जयकारों से शिवालय गुंज उठे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया श्रद्धालुओं की संख्या शिव मंदिरों में बढ़ती चली गई जो देर रात तक चलती रही। सभी शिव मंदिरों को आकर्षक विद्युत सजा से सजाया गया तथा विशेष प्रकार की वस्तुओं से  कहां मावे से तो कहां भांग से तो कहां फल फ्रूट से तो कहां फूल मालाओं से शिव का श्रृंगार किया गया।

       मंदिरों में दिनभर भजन कीर्तन भी श्रद्धालुओं द्वारा किए गए। वैसे तो महादेव को श्रद्धालु सालभर पूजते हैं परंतु  8 मार्च  शुक्रवार को आराधकों ने महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरी शिद्दत के साथ शिव की आराधना की। प्रातः से ही हरवार के पास स्थित सुरम्य में पहाड़ियों के गोद में विराजमान सबसे प्राचीन व प्रसिद्ध जलेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं का जलेश्वर की शरण में पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। हाथ में पक्षाल तथा शिवजी को सबसे प्रिय बिल्व पत्र के पत्ते व जल का लोटा लेकर मंदिर परिसर में पहुंचकर सेवा पूजा की। 

        *जलेश्वर महादेव मंदिर पर लगा मैला*---

    महाशिवरात्रि पर्व पर जलेश्वर महादेव मंदिर पर  मेला समिति द्वारा मेला आयोजित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने जलेश्वर महादेव के दिव्य दर्शन कर मेले का आनन्द लिया। मेले में ठण्डा पेयपदार्थ कुल्फी, लस्सी, गन्ना रस के चटकारे लिए और महिलाओं ने मनिहारी दुकानों पर श्रृंगारित वस्तुओं की खरीदारी की।

     *दिनभर रहे शिवभक्त निराहार -*

         दिन भर महिलाओं द्वारा भजन कीर्तन एवं पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक भी किए गए। शिवरात्रि के दिन अधिकांश श्रद्धालुओं ने दिनभर निराहार रहकर उपवास व एकासने के व्रत रखें। शाम को महाआरती होने के बाद ही फरियाली वस्तुओं को ग्रहण किया।

      *हुआ विशाल भण्डारा -*

जलेश्वर सेवा समिति हरवार के धर्मनिष्ठ जागरूक व समर्पित सदस्यों द्वारा  विगत 8 सालों से जलेश्वर महादेव मंदिर पर महाशिवरात्रि पर्व पर जलेश्वर महादेव के दिव्य दर्शन हेतु आने वाले समस्त श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन करते आ रहे हैं जहां इस बार 9वें भंडारे का आयोजन किया गया। जहां जलेश्वर महादेव मंदिर समिति के सदस्यों द्वारा सभी श्रद्धालुओं को भण्डारे में महाप्रसादी ग्रहण हेतु मान मनुहार की गई। भण्डारे का कार्यक्रम प्रातः 9 बजे प्रारंभ हो गया था जो देर शाम 7 बजे तक चलता रहा। विशाल भण्डारे में 9हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण की।

       जलेश्वर महादेव मंदिर पर जलेश्वर महादेव के दिव्य दर्शन हेतु जनप्रतिनिधियों सहित क्षेत्र के अलावा आस-पास एवं दूर दराज ग्रामीण अंचलों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए प्रत्येक शिव भक्तों को दिव्य शिव लिंग पर जलाभिषेक का अवसर प्राप्त हुआ। जिसके बाद जलेश्वर बाबा के दिव्य दर्शन हेतु उमड़ा श्रद्धा का सैलाब ने भण्डारे में महाप्रसादी ग्रहण की।