हम सब जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने का संकल्प ले-श्री चौहान
नीमच जैविक कृषि बाज़ार का हुआ शुभारम्भ
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिह चौहान ने अपने उदबोधन में कहा कि हम सब जैविक एवं प्राकृतिक खेती के महत्व को समझे और जैविक व प्राकृतिक खेती करने का संकल्प ले। कलेक्टर श्री दिनेश जैन ने कहा कि बीमारियों को बढने से रोकने के लिए हमें जैविक कृषि/ प्राकृतिक खेती को बढावा देना होगा। इसके लिए हमें तैयार होना होगा। जैविक उत्पादों का उपयोग करें, हमें इसका फर्क महसूस होगा। कलेक्टर ने कहा कि इस कृषि बाजार से एक ही स्थान पर आम जनों को जैविक उत्पाद उपलब्ध होंगे। मण्डी प्रांगण में इस शेड को जैविक उत्पादों की बिक्री के उपयोग के लिए सुरक्षित किया गया है। यहां सप्ताह में एक दिन आमजनों को जैविक उत्पाद उपलब्ध होंगे। साथ ही जैविक उत्पादक कृषकों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन की सुविधा भी यहां मिलेगी।
प्रारंभ में विधायक श्री दिलीप सिह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सज्जनसिह चौहान, कलेक्टर श्री दिनेश जैनएवं अतिथियों ने जैविक बाजार एवं प्रदर्शनी में जैविक किसानों व्दारा लगाई गई स्टॉलों, प्रदर्शनीयों का अवलोकन कर, जैविक उत्पादों के महत्व एवं विशेषताओं की जानकारी ली। अतिथियों ने मॉ नर्मदे एवं भगवान बलराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उप संचालक कृषि श्री भगवान सिंह अर्गल, उप संचालक उद्यानिकी श्री उमेश शर्मा बसेडिया, श्री यतिन मेहता, कृषक श्री कन्हैयालाल धाकड, श्री रामगोपाल धाकड ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने मण्डी के दो उत्कृष्ट कर्मचारियों प्रशस्ति पत्र प्रदान कर, सम्मानित किया। कृषि वैज्ञानिक डॉ.सीपी पचौरी एवं डॉ.श्याम सिह सारंगदेवत ने जैविक खेती/ प्राकृतिक खेती का महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को जैविक खेती के लाभ एवं उन्नत तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर श्री योगेश जैन , अन्य जनप्रतिनिधि, मण्डी व्यापारी, एसडीएम डॉ.ममता खेडे, व अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक, जैविक उत्पादक कृषक एवं बडी संख्या में किसान भाई उपस्थित थे।