जया एकादशी आज, जया एकादशी पर बन रहा शुभ संयोग सिंह राशि के जीवन में खुशहाली लेकर आएगा

जया एकादशी आज, जया एकादशी पर बन रहा शुभ संयोग सिंह राशि के जीवन में खुशहाली लेकर आएगा


नीमच (निप्र)। सनातन धर्म में माघ मास की जया एकादशी महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस दिन पूरे विधि-विधान से व्रत रखकर भगवान विष्णु व धन की देवी लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है। जया एकादशी 20 फरवरी को है। इस दिन त्रिपुष्कर योग, प्रीति योग, आयुष्मान योग और रवि योग का शुभ संयोग बन रहा है।इस शुभ संयोग में लक्ष्मीजी का पूजन विशेष फलदायक होगा। इस संयोग का कुछ राशियों पर विशेष शुभ प्रभाव होगा। माघ माह के शुक्ल पक्ष कि एकादशी तिथि का शुभारंभ 19 फरवरी को सुबह 8.49 बजे होगा। समापन 20 फरवरी सुबह 9.55 बजे होगा।पंडित अशोक व्यास के अनुसार उदया तिथि के अनुसार, जया एकादशी का व्रत 20 फरवरी को रखा जाएगा। जया एकादशी पर बन रहा शुभ संयोग सिंह राशि के जीवन में खुशहाली लेकर आएगा। कई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। इसका लाभ आगे चल कर मिलेगा। कार्यस्थल पर काम से लोग प्रभावित होंगे। ग्रहों की दशा अनुकूल रहेगी। आकस्मिक धन लाभ के योग बनेंगे। धनु राशि के जो लोग व्यापारिक क्षेत्र में हैं, उन्हें इन शुभ संयोगों का खूब लाभ मिलेगा। नौकरी कर रहे लोगों के भी तरक्की के अवसर बनेंगे। धन लाभ मिलेगा। यह समय सुखद साबित होगा। कोई नया काम भी शुरू कर सकते हैं, जिससे लाभ मिलेगा। मीन राशि के लोगों के लिए भी यह शुभ योग फलदायी रहने वाला है। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आर्थिक समस्या कम होंगी। आर्थिक तौर पर चल रही सारी समस्याएं दूर हो जाएंगी। आय के नए स्रोत खुलेंगे। इसके साथ ही व्यापार क्षेत्र में भी बहुत लाभ मिलेगा। आर्थिक मामलों में भी मजबूती मिलेगी।