मंदसौर । भारत की सबसे बड़ी लहसुन मंडी मंदसौर में,बड़ी मात्रा में लहसुन की आवक हो रही है। मंदसौर कृषि उपज मंडी में 60000 कट्टे लहसुन की आवक हुई। केवल 18000 कट्टे ही नीलाम हो पाए। पहली बार इतने बड़े पैमाने पर लहसुन कृषि उपज मंडी में आई है। जिसके कारण मंडी और व्यापारियों की सारी व्यवस्थाएं गड़बड़ा गई हैं। मंदसौर कृषि उपज मंडी छोटी पड़ने लगी है। 400 से ज्यादा वाहन मंडी के बाहर खड़े हुए हैं। नीमच- महू रोड पर जाम लग गया है। मंदसौर कृषि उपज मंडी में प्याज की आवक भी बड़े पैमाने पर हो रही है। कृषि उपज मंडी का पूरा परिसर लहसुन और प्याज से भरा हुआ है। जमीन पर लहसुन बिछी हुई है। जिसके कारण लगता है,कृषि उपज मंडी में सफेद चादर बिछा दी गई हो।
लहसुन के दामों में 50 फीसदी से ज्यादा की कमी
मध्य प्रदेश की मंदसौर मंडी के अलावा राजस्थान के प्रतापगढ़ सहित सभी सीमावर्ती जिलों में किसान लहसुन लेकर कृषि उपज मंडी में पहुंच रहे हैं। लगभग 20 दिन पहले जिस लहसुन का दाम 30000 रूपये प्रति क्विंटल था। अब उस लहसुन के दाम घटकर 13000 प्रति क्विंटल रह गए हैं। लहसुन न्यूनतम मूल्य 4000 रूपये और अधिकतम मूल्य 13000 रूपये प्रति क्विंटल पर नीलामी हुई है। जैसे ही लहसुन की फसल आई। लहसुन के दामों में 50 फ़ीसदी से ज्यादा की कमी आ गई।