खुदाई में सोने के सिक्के मिलने की जानकारी सामने आई, पुलिस जांच में जुटी

खुदाई में सोने के सिक्के मिलने की जानकारी सामने आई, पुलिस जांच में जुटी

 खुदाई में सोने के सिक्के मिलने की जानकारी सामने आई, पुलिस जांच में जुटी


धार। शहर के पौ चौपाटी क्षेत्र के गुरुनानक मार्ग पर एक मकान खुदाई में मजदूरों के हाथ सोना लगा है। मजदूरों ने उक्त सोना आपस में बांट भी लिया था। गांव में आपस में कहासुनी होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। इसके बाद हिम्मतगढ़ क्षेत्र से कुछ मजदूरों को उठाया गया। पुलिस को सोना मिलने के साक्ष्‌य भी मजदूरों के पास से मिली गिन्निायों से हो गए हैं। वास्तविक सोने की स्थिति पता लगाने के लिए पूछताछ हो रही है। सोने को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
शुक्रवार को पूरे दिन बाजार में दो-तीन किलो सोना मिलने की चर्चा चलती रही। इधर पुलिस मजदूरों से पूछताछ करके वास्तविक स्थिति पता लगाने में जुटी है। कोतवाली थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने सोना मिलने के घटनाक्रम की पुष्टि की है, लेकिन कितना सोना है इसको लेकर अभी कोई भी जानकारी नहीं है। पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पौ चौपाटी क्षेत्र से जिस मकान में मजदूरों के हाथ सोना लगा है, वहां पर पिछले एक-डेढ़ महीने से खुदाई चल रही है। मजदूरों को सोना कब मिला इस बात की जानकारी लगाई जा रही है। दरअसल सोना मिलने के बाद सभी ने आपस में बांट लिया था। इसके बाद एक युवक मोटर साइकिल भी ले आया था। वह सिगरेट और शराब पर पैसे भी खर्च कर रहा था। इस दौरान गिन्नियां मिलने की बात उसने अपने क्षेत्र में कही। कहा-सुनी के दौरान विवाद हुआ और मामला थाने तक पहुंचा।
कोतवाली थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने कहा कि हमने प्रशासनिक अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना भी दे दी है। हमारा पूरा फोकस वास्तविक सोने की स्थिति का पता लगाने का है। प्रारंभिक तौर पर जो गिन्नियां मिली हैं वे अति प्राचीन यानी पुरामहत्व की दिखाई दे रही हैं। पूरे मामले को पता करने में दो-तीन दिन लगेंगे। इसके बाद सभी जानकारियां मीडिया से साझा की जाएंगी। फिलहाल जांच की गोपनीयता के चलते ज्यादा कुछ नहीं बताया जा सकता है।