📰 पूरी खबर:
गुमला।गुमला शहर के बड़ाइक मोहल्ला चौराहा के पास उस वक्त अजीब स्थिति बन गयी जब एक एटीएम मशीन के सामने गुस्से, लाचारी और विरोध का अनोखा नजारा देखने को मिला। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तकनीकी खराबी से परेशान एक युवक ने ऐसा कदम उठाया। जिसने राहगीरों को भी ठहर कर सोचने पर मजबूर कर दिया। पालकोट निवासी पुरुषोत्तम साहू शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे एटीएम में पैसे जमा करने पहुंचे थे। उन्हें अपने खाते में 5000 रुपये डालने थे। लेकिन मशीन ने जैसे उनकी उम्मीदों पर ही ताला जड़ दिया। अचानक उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया और 1300 रुपये भी उसी में अटक गये। पहले तो युवक ने खुद ही कार्ड निकालने की कोशिश की।फिर बैंक के कस्टमर केयर का सहारा लिया।करीब दो घंटे तक फोन पर बातचीत चलती रही।लेकिन हर बार जवाब मिला “समस्या का समाधान जल्द होगा।” वक्त बीतता गया।लेकिन न कार्ड मिला।न पैसे का कोई अता-पता चला। धीरे-धीरे उनकी चिंता गुस्से में बदल गयी। कार्ड के गलत इस्तेमाल का डर, मेहनत की कमाई के फंस जाने की बेचैनी और इसी उबाल में युवक ने एक अनोखा फैसला ले लिया।वह बाजार गया।ताला खरीदा और लौटकर पूरे एटीएम का शटर बंद कर उस पर ताला जड़ दिया।इतना ही नहीं, उसने एक बैनर लगाकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। जिस पर अपना नाम और मोबाइल नंबर तक लिख दिया।यह दृश्य देखते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी।राह चलते लोग रुकने लगे। कोई वीडियो बनाने लगा तो कोई अपनी आपबीती सुनाने लगा।कई लोगों ने कहा कि एटीएम की खराब सेवा से वे भी पहले परेशान हो चुके हैं। लेकिन इस तरह का विरोध पहली बार देखा। बाद में युवक खुद गुमला थाना पहुंचा और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज करायी। वहीं बैंक के अधिकारी भी युवक की शिकायत लेकर थाना पहुंच गये। फिर थाना में दोनों को समझा कर लौटाया गया।