📰 पूरी खबर:


जबलपुर। शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से चार लोगों को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खातों से कुल 4 लाख 43 हजार 800 रुपए पार कर दिए। कहीं मोबाइल हैक कर रकम ट्रांसफर की गई तो कहीं व्हाट्सएप कॉल के जरिए ओटीपी हासिल कर बैंक खातों में सेंध लगाई गई। पीड़ितों की शिकायत पर संजीवनी नगर, हनुमानताल और घमापुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 59 हजार 400 रुपए.....
संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में कुंगवा धनवंतरी नगर निवासी 36 वर्षीय अरविंद कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि उसका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की गोटेगांव शाखा, जिला नरसिंहपुर में खाता है। 16 अक्टूबर की शाम 6:27 बजे से 17 अक्टूबर की दोपहर 12:24 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 59 हजार 400 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
रील देखते समय मोबाइल हुआ हैंग........
हनुमानताल थाना क्षेत्र के मक्का नगर गली नंबर 5 निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद शरफराज अहमद अंसारी चाय की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह मोबाइल पर रील देख रहे थे। इसी दौरान अचानक मोबाइल हैंग होकर अपडेट होने लगा। करीब 9:25 बजे उनके बैंक ऑफ इंडिया, दीनदयाल विजयनगर शाखा के खाते से दो बार में 51 हजार 900 रुपए निकल गए। उनका आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल हैक कर रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर ली।
शिक्षक के खाते से 94 हजार रुपए पार......
हनुमानताल थाना क्षेत्र के न्यू आनंद नगर निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद वासिद खान रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में शिक्षक हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 नवंबर की दोपहर अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर फोन-पे एप के माध्यम से उनके एचडीएफसी बैंक खाते से दो बार में 84 हजार और 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। इस तरह उनके खाते से कुल 94 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई।
ओटीपी साझा करते ही दो बैंक खातों से उड़ाए 2.38 लाख रुपए....
घमापुर थाना क्षेत्र में रामकृष्ण आश्रम के सामने निवासी 32 वर्षीय धीरज सिंह जिला कोषालय कटनी में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि 28 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने फ्लिपकार्ट की डिलीवरी के नाम पर उनसे ओटीपी मांगा। उन्होंने ओटीपी साझा कर दी। कुछ समय बाद जब उन्होंने चाय की दुकान पर ऑनलाइन भुगतान करने का प्रयास किया तो फोन-पे एप लॉगआउट मिला। जांच करने पर पता चला कि उनके यूनियन बैंक खाते से 88 हजार 500 रुपए और पंजाब नेशनल बैंक खाते से 1 लाख 49 हजार 500 रुपए निकाल लिए गए हैं। इस तरह दोनों खातों से कुल 2 लाख 38 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।