📰 पूरी खबर:

संविधान दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत  के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय), नीमच में 'विकसित भारत युवा संवाद' का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय 'विकसित भारत हेतु नशामुक्त युवा' रहा। कार्यक्रम में 161 छात्र-छात्राओं, युवा प्रतिभाओं एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन ने विकसित भारत @2047 के विजन, युवाओं के लोकतांत्रिक दायित्वों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती प्रभावती भावसार ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात चिकित्सक डॉ. कमलेश पाटीदार (एमडी, एमबीबीएस) ने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। डॉ. पाटीदार निर्धन एवं जरूरतमंद वर्ग को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने तथा उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित हो चुके हैं।

युवा प्रतिभाओं ने साझा किए अपने अनुभव

कार्यक्रम में नगर की उभरती युवा प्रतिभाओं ने अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। उत्कृष्ट वक्ता एवं कुशल डिबेटर यूथ आइकॉन तन्वी लखेरा ने 'विकसित भारत @2047' विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए युवाओं से राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।अंडर-16 नेशनल गोल्ड एवं सिल्वर मेडलिस्ट पैरा तैराक भव्य आदित्य राठौर ने अपने खेल अनुभव साझा करते हुए बताया कि कठिन अनुशासन, नियमित अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के माध्यम से विपरीत परिस्थितियों को परास्त कर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।वहीं, भारतीय 'ए' टीम में चयनित नीमच के प्रतिभाशाली क्रिकेटर गौरांश पंचोली ने अपने खेल सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को असफलताओं से निराश न होने, लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने तथा खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

संविधान के आदर्शों एवं मौलिक कर्तव्यों पर दिया जोर-

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ज्ञानमंदिर लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक नागर ने संविधान दिवस पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए भारतीय संविधान के आदर्शों, मौलिक कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में डॉ. जे.सी. आर्य, एनएसएस जिला प्रमुख नीमच, प्रो. राकेश कसवां, एनएसएस समन्वयक पीजी कॉलेज, प्रो. आर.सी. वर्मा, विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान विभाग, डॉ. संजय जोशी, वरिष्ठ प्राध्यापक, प्रो. सी.पी. पंवार, प्रो. डबराल एवं श्री मनीष शर्मा, सांसद प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

      कार्यक्रम का समापन भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्री प्रवेश जैन एवं उपस्थित अतिथियों की सहभागिता में सभी प्रतिभागियों ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।