📰 पूरी खबर:

  
 जबलपुर।  हर सहित प्रदेश के अनेक जिलों में पहाड़ियों पर अवैध उत्खनन और खनिज संपदा की लूट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ों को काटकर मुरम और गिट्टी का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इतना ही नहीं, पहाड़ियों का अस्तित्व मिटाकर वहां अवैध निर्माण और कॉलोनियां भी विकसित की जा रही हैं। इस अंधाधुंध खुदाई का खामियाजा आसपास रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के दौरान पहाड़ियों की मिट्टी खिसकने और चट्टानों के नीचे गिरने से गंभीर हादसों की आशंका बनी रहती है।
2019 के हादसे में गई थी महिला की जान......
बेलबाग चौधरी मोहल्ले में 8 अगस्त 2019 को पहाड़ की कटाई कर बनाए गए मकान पर बारिश के दौरान चट्टान गिर गई थी। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी। हादसे के अगले दिन 9 अगस्त को भी इस घटना को लेकर चिंता जताई गई थी, लेकिन इसके बावजूद पहाड़ियों पर अवैध खुदाई और निर्माण का सिलसिला नहीं थमा। सवाल यह है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी जिम्मेदार प्रशासन ने कोई ठोस सबक क्यों नहीं लिया?
हाईकोर्ट में याचिका लंबित.....
जबलपुर के मदन महल सहित करीब 20 पहाड़ियों को काटकर बनाए गए अवैध मकानों को हटाने के लिए डॉ. पी.जी. नाजपांडे द्वारा मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। याचिका के तहत मदन महल पहाड़ी से अतिक्रमण तो हटाए गए, लेकिन अन्य पहाड़ियों को लेकर प्रशासन की कार्रवाई अब भी सवालों के घेरे में है। पहाड़ियों पर अवैध उत्खनन और निर्माण के मामले में व्यापक कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।
मुख्य सचिव और कलेक्टर को भेजा विरोध पत्र.......
इस मामले को लेकर विभिन्न जनसंगठनों ने मुख्य सचिव और जबलपुर कलेक्टर को विरोध पत्र भेजा है। इस संबंध में आयोजित बैठक में डॉ. पी.जी. नाजपांडे, रजत भार्गव, एडवोकेट वेदप्रकाश अधोलिया, टी.के. रायचंदक, संतोष श्रीवास्तव, सुभाषचंद्र, मनीष शर्मा, अशोक यादव, सुशीला कनिजिया, गीता पांडे, यशवंत कोष्ठा, डी.आर. लखेरा, पी.एस. राजपूत और श्याम सोलंकी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जनसंगठनों ने मांग की है कि पहाड़ियों पर हो रहे अवैध उत्खनन, निर्माण और अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि प्राकृतिक पहाड़ियों को बचाने के साथ भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।