📰 पूरी खबर:
भोपाल । दूरसंचार विभाग के ऑपरेशन एफएसीई के दौरान राजधानी भोपाल में फर्जी सिम जारी करने वालो के खिलाफ लगातार शिंकजा कसता जा रहा है। जॉच के दौरान 150 फर्जी सिमें जारी करने का मामला सामने आया है। इसमें भोपाल देहात के तीन थानों में 9 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। इनमें बैरसिया थाने में 5 लोग, गुनगा और ईंटखेड़ी थाने में 2-2 लोगों के खिलाफ मामला कायम किया गया हैं।
जानकारी के अनुसार साल 2021 से 2024 के बीच 150 संदिग्ध सिम चिह्नित किए गए थे। आग की कार्यवाही में बैरसिया पुलिस ने प्रदीप कुशवाहा, इरफान खान, राजेंद्र सिंह, वसीम खान व प्रीतम सिंह साहू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं गुनगा थाना पुलिस ने जावेद और योगेश को आरोपी बनाया है। ईंटखेड़ी थाने में नंदू शर्मा और सोनू यादव आरोपी हैं। दूरसंचार विभाग के ऑपरेशन एफएसीई के दौरान आरोपियों के नाम सामने आए हैं। जांच में पता चला कि मोबाइल सिम जारी करने में फर्जी यूनिक फेस और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर नियमों का उल्लंघन किया गया। गुनगा पुलिस ने बताया की आरोपी जावेद और योगेश मोबाइल की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पूछताछ में सैफ और कैफ नाम के दो युवकों का नाम बताया है। आरोपियों ने बताया कि सैफ व कैफ ज्यादा पैसों का लालच देते थे, तो वह उनको फर्जी सिम देता था। इस तरह की सिमें आई़डी किसी और की लगाकर फोटो दोनों का लगाकर सिमें जारी करवा ली जाती थी। पुलिस के अनुसार टेलीकॉम डिपार्टमेंट से जानकारी मिली है। ऐसे में अधिकतर सिम बंद हो चुके हैं। वहीं, कई सिम पोर्ट भी किए जा चुके हैं। फर्जी सिम का उपयोग किस लिए किया गया है इस संबंध में पूछताछ जारी है।