📰 पूरी खबर:


भोपाल । मध्य प्रदेश में 20 मई को दवा दुकानों की हड़ताल का ऐलान किया गया है। भोपाल में 3 हजार से ज्यादा मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ने ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में यह बंद बुलाया है। गुरुवार को राष्ट्रीय स्तर पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें देशभर के केमिस्ट संगठनों ने हिस्सा लिया। भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि जिले के सभी रिटेल और थोक दवा व्यवसायी इस बंद का समर्थन करेंगे और 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखेंगे।
एसोसिएशन का कहना है कि यह मुद्दा सीधे आम लोगों की सेहत से जुड़ा है। घर-घर पहुंच रही ऑनलाइन दवाओं की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर अभी स्पष्ट सिस्टम नहीं है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उनकी प्रमुख मांगें हैं-ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट पर रोक और नकली और बिना निगरानी वाली दवाओं पर कार्रवाई आदि है।