📰 पूरी खबर:
नीमच l श्री सीताराम जाजू शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें जन्मजयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजन समिति द्वारा व्याख्यान आयोजित किया गया जिसमें मुख्य वक्ता डॉक्टर आयुषी गुप्ता (आयुर्वेद चिकित्सक एवं कॉस्मेटोलॉजिस्ट, अंबामाता आरोग्य आश्रम ग्राम निपानिया) ने संत रविदास जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रविदास जी स्वामी रामानंद जी के प्रमुख शिष्यों में थे जिनके जीवन चरित्र में आध्यात्म,कर्म और समरसता का संगम दिखाई देता है l मुख्य वक्ता ने बताया कि महापुरुषों को जाति के आधार पर बांटना ठीक नहीं है, महापुरुष सभी समाज के लिए वंदनीय हैl समाज में समरसता बनी रहे, हर घर समरस घर हो, ऐसे प्रयास करना चाहिए l महाविद्यालय प्राचार्य डॉ प्रतिभा कालानी ने संत रविदास जी के आदर्शों को मानने और समरसता बनाए रखने पर जोर दिया l आयोजन समिति की महिला प्रमुख श्रीमती मीना जायसवाल ने रविदास जी के 650 वें जन्म जयंती के उपलक्ष्य में नीमच जिले में होने वाले आगामी कार्यक्रमों यथा 28 नवम्बर को टाउन हाल नीमच में दोपहर 3 बजे होने वाले संगोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम, 21 दिसंबर को चित्तौड़गढ़ से नीमच आने वाली समरसता यात्रा में सभी से भागीदारी करने हेतु आव्हान किया l उक्त अवसर पर डॉ. बीना चौधरी, डॉ. अल्केश जायसवाल, डॉ. पी सी रांका, डॉ. हीना हरित सहित समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीl आयोजन समिति के जिला संयोजक श्री शैलेश जोशी, जिला सहसंयोजक प्रो. आशीष कुमार सोनी तथा प्रचार प्रमुख श्री निलेश पाटीदार सहित संपूर्ण समिति ने हर्ष व्यक्त किया l