📰 पूरी खबर:


नीमच। 54वीं मध्यप्रदेश राज्य तैराकी चैंपियनशिप के लिए रविवार को आयोजित जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में जिले के उभरते तैराकों ने दमदार प्रदर्शन किया। नगर पालिका स्वीमिंग पूल पर आयोजित प्रतियोगिता में जिलेभर से 35 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से विभिन्न आयु वर्गों के 29 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 16 जुलाई से इंदौर में आयोजित होने वाली 54वीं राज्य तैराकी चैंपियनशिप में नीमच जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि चयन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया। इसके आधार पर ग्रुप-2 से 11, ग्रुप-3 से 11 तथा ग्रुप-4 से 7 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी दिनों में विशेष अभ्यास कर राज्य स्तरीय स्पर्धा की तैयारी करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडावरिया, मंडल अध्यक्ष दिलीप डूंगरवाल, सहकोषाध्यक्ष बंटू बाफना, रामगोपाल मोदी तथा मुकेश चतुर्वेदी उपस्थित रहे। अंतिम चयन प्रक्रिया में मेंटर प्रभु मूलचंदानी और अध्यक्ष अशोक मोदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का अवलोकन कर टीम को अंतिम रूप दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में नगर पालिका की कोच सुधा सोलंकी, आयुष गौड़, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर, नीलेश घावरी तथा पूल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के अभिभावक भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। जिला तैराकी संघ ने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी इंदौर में होने वाली राज्य तैराकी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे.