📰 पूरी खबर:

बिजौलिया.बिजौलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज चंपापुर गांव में एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) बनाने के कथित अड्डे का खुलासा करने की जानकारी लगी है। पुलिस द्वारा वन क्षेत्र से सटे एक फार्म हाउस पर दबिश देकर भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स की खेप बरामद की है। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार तीन तस्कर भी पकड़े गए हैं। फिलहाल मौके पर कारवाई जारी है। 

जानकारी के अनुसार कास्या चौकी प्रभारी नरेश शर्मा को मिली सूचना के आधार पर बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंपापुर गांव स्थित एक खेत पर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि यहां लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं और तस्करों के एक गिरोह द्वारा बड़े स्तर पर एमडी ड्रग बनाने का काम किया जा रहा था।

पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ और ड्रग बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री मिलने की सूचना है। हालांकि बरामदगी और गिरफ्तारियों को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि विस्तृत रिपोर्ट जारी होने के बाद ही होगी।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही मांडलगढ़ डीवाईएसपी सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने फार्म हाउस और आसपास के क्षेत्र को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ समय से तस्करों ने इस क्षेत्र में अपना नेटवर्क सक्रिय कर लिया था। पुलिस अब इस पूरे गिरोह, इसमें शामिल लोगों और ड्रग सप्लाई के नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद बरामद मात्रा, आरोपियों और आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आएगी।