भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार के गृह विभाग ने गुरुवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के तीन वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की हैं। इस फेरबदल में वरुण कपूर, मो. शाहिद अबसार, और मो. यूसुफ कुरैशी के नाम प्रमुख हैं। आईपीएस वरुण कपूर को एडीजी आरएपीटीसी इंदौर से स्थानांतरित कर भोपाल मुख्यालय में डीजी (जेल) नियुक्त किया गया है। वरुण कपूर एक सीनियर आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्हें पुलिस ट्रेनिंग, प्रशासन और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में लंबे अनुभव के लिए जाना जाता है। वे 1 जून 2024 से स्पेशल डीजी के रूप में आरएपीटीसी इंदौर में पदस्थ थे। उनके स्थानांतरण के बाद आरएपीटीसी इंदौर का प्रभार विसबल इंदौर रेंज के आईजी चंद्रशेखर सोलंकी को सौंपा गया है।
शाहिद अबसार को नई जिम्मेदारी
एडीजी मो. शाहिद अबसार, जो कि ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) भोपाल में लगभग साढ़े चार साल से पदस्थ थे, को अब पुलिस मुख्यालय में एडीजी चयन एवं भर्ती के पद पर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें एडीजी पीटीआरआई और संचालक, मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। शाहिद अबसार की पहचान एक सशक्त और निष्पक्ष जांच अधिकारी के रूप में रही है, जिन्होंने कई बड़े आर्थिक अपराधों की जांच की है।
यूसुफ कुरैशी बने डीआईजी ईओडब्ल्यू
डीआईजी मो. यूसुफ कुरैशी, जो अब तक पुलिस मुख्यालय में साइबर सेल में कार्यरत थे, उन्हें एकॉनॉमिक्स ऑफेंस विंग (ईओडब्ल्यू) का नया डीआईजी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से आर्थिक अपराधों की जांच में और अधिक प्रभावशीलता आने की उम्मीद है।