करनाल। करनाल में देर रात कैथल पुल के पास एक कार पश्चिमी यमुना नहर में गिर गई। कार में पति-पत्नी सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम वहां पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव नहर में डूबी कार से बाहर निकाला। महिला की सीट बेल्ट बंधी थी, जिस वजह से उसे निकालने में मुश्किल हुई। वहीं कार में मौजूद पति की तलाश जारी है। मौके पर हाइड्रा मशीन की मदद से कार को भी बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही करनाल थाना सिविल लाइन इंचार्ज पहुंचे। उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार लोग करनाल के सेक्टर 13 में रहने वाले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पति-पत्नी दोनों को रात करीब 9:30 बजे कलंदरी गेट के पास देखा गया था। इसके बाद कैसे और क्यों वे कैथल पुल के पास पहुंचे, यह जांच का विषय है। पुलिस को गाड़ी से दो मोबाइल फोन मिले हैं, जो संभवतः पति-पत्नी के हो सकते हैं। गाड़ी के एक तरफ का शीशा टूटा हुआ था और अंदर चाबी लगी मिली। इससे हादसे की स्थिति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक एक शख्स ने बताया कि उन्होंने पहले कार को नहर में देखा और तुरंत अपनी बाइक छोड़कर पानी में कूद गए। उन्होंने कार को पकड़ा और महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सीट बेल्ट लगी होने के कारण सफल नहीं हो सके। फिर रस्सी और गोताखोरों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि गाड़ी के अंदर दोनों लोग जोर-जोर से चिल्ला रहे थे, बचाओ, बचाओ। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि परिवार में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी और न ही कोई विवाद था। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी घूमने के लिए निकले थे, जिसके बाद यह दुखद घटना सामने आई। हादसा किस कारण हुआ, इसकी जांच चल रही है।