-चंद्रयान चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पहुंच गया, कांग्रेस राहुलयान २० सालों से लॉन्च ही नहीं हुआ
-शिवराज ने मप्र को बताया विकसित राज्य, नीमच सहित मालवा को बताया मप्र का इंजन
नीमच(निप्र))। कुछ पार्टियों ने भानमती का कुनबा बना लिया है। २८ पार्टियों का का गठबंधन बना, नाम दिया इंडिया। ये लोग गर्त में डूबने जा रहे हैं। आज भारत सूरज और चांद पर जा रहा है। चंद्रयान-३ चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंच गया, लेकिन कांग्रेस का राहुलयान २० सालों से लॉन्च ही नहीं हुआ। यह बात रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारम्भ कार्यक्रम में कही। भाजपा द्वारा प्रदेश में जनता से आशीर्वाद लेने के लिए ५ जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। नीमच से सोमवार को रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय उपस्थित थे।
रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा, मैं आपके मुख्यमंत्री के भाषण को सुन रहा था। आपके मामा शिवराज सिंह चौहान राजनीति के धोनी हैं। ये न शुरुआत अच्छी करते हैं फिनिशिंग भी अच्छी करते हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, शिवराज सिंह चौहान ने जनता की सेवा की है इसलिए वे जन-जन के नेता हैं। नीमच सहित मालवा का पूरा क्षेत्र मध्यप्रदेश का इंजन माना जाता है। शिवराज सिंह चौहान ने सीएम रहते हुए क्या किया है क्या नहीं किया वो आप अच्छी तरह जानते हैं। उनके दिल में गरीबों के लिए संवेदना हैं। उन्होंने बीमारू राज्य को विकसित राज्य बना दिया। आपने कांग्रेस का मुख्यमंत्री भी देखा है। शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश की जनता की सेवक की तरह सेवा की है।
रक्षामंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने तेजी से आगे बड़ा है। २३ देशों के सर्वे में आधे से अधिक देशों ने स्वीकारा है कि, भारत दुनिया का नेतृत्व करने में तेजी से आगे बड़ा है। कोरोना काल में हमारे पीएम ने चुनौती को स्वीकार किया। पीएम ने अपने देश के वैज्ञानिकों का हौसला बुलंद किया और देश में वैक्सीन तैयार हुई। यह करिश्मा है पीएम मोदी का। हम केवल अपने देश को ही नहीं पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हैं। १०० से अधिक देशों को हमने वैक्सीन भिजवाई।
देश की अर्थव्यवस्था में मप्र का योगदान ४.८ प्रतिशत
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मध्यप्रदेश की तरक्की की बात करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है, इसमें मध्यप्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान है। २००३ से पहले मध्यप्रदेश की जीडीपी ७१ हजार ५९४ करोड़ थी, जो आज १३ लाख ८२ हजार करोड़ हो गई है। देश की अर्थव्यवस्था में मध्यप्रदेश का योगदान लगभग ३ प्रतिशत था, जो आज बढक़र ४.८ प्रतिशत हुआ है। जो भारत पहले दुनिया की अर्थव्यवस्था के आकार में १० नंबर पर था वो भारत आज ५वें स्थान पर आ गया है, पीएम मोदी के नेतृत्व में ये करिश्मा हुआ है।
- कांग्रेस हर चुनाव में गरीबी हटाओ का नारा देती है
श्री राजनाथ सिंह ने कहा, मोदी जी ने मध्यप्रदेश में २ लाख आवास स्वीकृत किये थे। लेकिन कमलनाथ ने इसे लागू नहीं किया। पुरानी योजना को बंद कर दिया और केंद्र की योजना को रोक दिया। शायद ही कोई सरकार इतनी असंवेदनशील हो सकती है जो कहे की हम मकान बनाएंगे ही नहीं। ये कांग्रेस हर चुनाव में गरीबी हटाओ का नारा देती है लेकिन गरीब, गरीब रहता चला गया। अभी नीति आयोग की रिपोर्ट आई है कि, मोदी जी के नेतृत्व में १३ करोड़ लोग गरीबी के बहार निकल गए। अब शायद ही भारत में कोई अति गरीब हो।
सनातन में धर्म-जाति के नाम पर कोई भेदभाव नहीं
राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम में कहा, ये लोग सनातन को समाप्त करने की बात कर रहे हैं। हमारे यहां सर्प को भी दूध पिलाकर उसके त्रिजीवी होने की कामना करते हैं। सनातन में धर्म - जाति के नाम पर कोई भेदभाव नहीं है, लेकिन कांग्रेस के एक घटक के नेता ने सनातन के खिलाफ जो टिप्पणी की है क्या कांग्रेस को ऐसे घटक से अलग नहीं हो जाना चाहिए! सनातन का विरोध करने वालों को वोट के माध्यम से मुँह तोड़ जवाब देना चाहिए।
आयोजन के दौरान मंचसीन अतिथियों के रुप में श्री कैलाश विजय वर्गीय, श्री हरदीप डंग,श्री सांसद सुधीर गुप्ता, केंद्रीय मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा, रेलवे मंत्री श्री वैष्णव, प्रभारी मंत्री श्रीमती उषा ठाकुर नीमच विधायक श्री दिलीपसिंह परिहार, मनासा क्षेत्र विधायक श्री माधव मारु, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री पवन पाटीदार, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा थे। कार्यक्रम का संचालन श्री बंशीलाल गुर्जर ने किया।