📰 पूरी खबर:


नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की घटना ने बस्ती के पांच स्कूली छात्रों को इस कदर प्रभावित किया कि उन्होंने सैनिकों की सुरक्षा के लिए कुछ नया करने की ठान ली। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले इन छात्रों ने ऐसा रोबोट बनाने का फैसला किया, जिसे जोखिम वाले इलाकों में भेजकर दूर बैठे कंट्रोल रूम से संचालित किया जा सके। करीब छह महीने की मेहनत के बाद उन्होंने 50 किलो ग्राम वजनी रोबोट तैयार किया। इसका नाम विशिष्ट अस्त्र रखा गया है। भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में हाल नंबर-14 में प्रदर्शित यह मॉडल लोगों का ध्यान खींच रहा है। इस रोबोट को उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सावित्री विद्या मंदिर में पढ़ने वाले आरव, अभिषेक, शुभम, रितेश और मयंक ने मिलकर बनाया है। पांचों छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ते हैं। सभी ने अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार काम बांट लिया था। आरव और शुभम ने कोडिंग और मशीन के अंदरूनी सिस्टम पर काम किया, जबकि मयंक और रितेश ने प्लाईवुड काटकर रोबोट की बनावट तैयार की। अभिषेक ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली। इसे बनाने में ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल डिजाइनिंग की भी मदद ली गई। इस मॉडल को तैयार करना छात्रों के लिए आसान नहीं था। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बार-बार खराबी आती थी। दसवीं की पढ़ाई के साथ प्रोजेक्ट के लिए समय निकालना भी बड़ी चुनौती थी।