📰 पूरी खबर:

स्वयंसेवकों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण

जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) द्वारा चयनित युवा स्वयंसेवकों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें कुपोषण के प्रकार, अति-कुपोषित बच्चों की पहचान, टीकाकरण, एनीमिया मुक्त अभियान तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

युवाओं द्वारा की जाएंगी यह गतिविधियां

युवा स्वयंसेवक आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज कुपोषित बच्चों के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें पोषण आहार एवं स्वच्छता के प्रति परामर्श देंगे। इसके साथ ही शाला पूर्व शिक्षा में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए कहानी, खेल और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करेंगे।

स्वयंसेवक बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह एवं मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर नुक्कड़ नाटक और जागरूकता संवाद के माध्यम से समुदाय को जागरूक करेंगे।

विद्यार्थियों को मिलेगा इंटर्नशिप क्रेडिट

आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्यार्थियों द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों एवं व्यावहारिक अनुभव को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप उनके शैक्षणिक पाठ्यक्रम से जोड़ा जाएगा। निर्धारित कार्य-घंटे पूर्ण करने तथा संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र एवं विभाग के प्रमाणीकरण के बाद सामाजिक परियोजना प्रतिवेदन (प्रोजेक्ट रिपोर्ट) महाविद्यालय में जमा करने पर विद्यार्थियों को नियमानुसार इंटर्नशिप क्रेडिट प्रदान किया जाएगा।

जिला स्तर पर होगी नियमित समीक्षा

अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा श्री अनुपम राजन ने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संयुक्त रूप से मासिक प्रगति की समीक्षा करेंगे। अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश सरकार की इस पहल से युवाओं की ऊर्जा और सामाजिक सहभागिता को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।