📰 पूरी खबर:


देवास ।  प्रतिवर्ष रतलाम शहर में स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में भक्तों के सहयोग से मंदिर को दीपावली के अवसर पर करोड़ों रुपयों के नोट से सजाया जाता है। उसी तर्ज पर गत वर्ष से देवास के मोती बंगला शिवाजी नगर में स्थित श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में पांच दिवसीय भव्य आयोजन की शुरुआत की गई थी। गत वर्ष इस आयोजन में 51 लाख का लक्ष्य रखा गया था, किंतु भक्तों ने मां योगमाया के प्रति अपनी प्रगाढ़ आस्था को प्रदर्शित करते हुए करीब 1 लाख 35 लाख रुपये के नोट आयोजन समिति तक पहुंचाए थे। श्री योगमाया महालक्ष्मी पारमार्थित न्यास के अध्यक्ष विमल शर्मा ने बताया कि मोती बंगला शिवाजी नगर में स्थित श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में दीपावली के अवसर पर विभिन्न प्रकार के आयोजन होते है। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी भक्तों के सहयोग से मंदिर को रतलाम के महालक्ष्मी मंदिर की तर्ज पर नोटों से सजाया जाएगा। इसके लिए उच्जैन और रतलाम के कलाकार देवास आकर मंदिर सजावट की बागडोर संभालेंगे। शर्मा ने बताया कि इस बार भक्तों की आस्था को देखते हुए करीब 5 करोड़ रुपये के नोट व आभूषणों का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए शहर के भक्तों के सहयोग से प्राप्त होना प्रारंभ हो गई है। अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि मंदिर में धनतेरस से भाई दूज तक सजावट रहेगी। अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि इस दिव्य अनुष्ठान में सम्मिलित होने के लिए जो कोई भी भक्त इच्छुक है, वे अध्यक्ष या मंदिर समिति के सदस्यों से संपर्क कर सकता है। भक्त द्वारा दी गई राशि अनुष्ठान पूर्ण होने पर भाई दूज के दिन कुबेर पोटली के साथ पुन: लौटाई जाएगी।