मंदसौर।नए साल की शुरुआत से ही मौसम सर्द बना हुआ है। पिछले आठ दिनों में मंदसौर जिला बादलों के आगोश में है। पूरे सप्ताह में बमुश्किल कुछ समय के लिए ही सूर्य के दर्शन हो पाए हैं। आज (सोमवार को) सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
आज और कल जिले के कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना बन रही है। अगले दो तीन दिन और मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मौसम जानकारों के अनुसार 'साइकोनिक सर्कुलेशन सिस्टम उत्तर प्रदेश के ऊपर है। दूसरा इंडो साइकोनिक सर्कुलेशन राजस्थान के ऊपर है। वहीं, गुजरात से उत्तर प्रदेश तक ट्रफ लाइन गुजर रही है। आज से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है, इसका असर 12 जनवरी तक रहेगा। इससे भी कोहरा और हल्की बारिश होने का अनुमान है। सिस्टम के कमजोर होने व बादल छंटने के बाद रात के तापमान में और गिरावट आएगी।