📰 पूरी खबर:
नई दिल्ली । रैन बसेरों की तर्ज पर राष्ट्रीय राजधानी में अब कूलिंग जोन भी देखने को मिलेंगे। यहां दिन की गर्मी से मुकाबला किया जा सकेंगा। हर कूलिंग जोन में लगभग 100 कुर्सियां, 10 बडे- बड़े कूलर, ओआरएस और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जा रही है। इन कूलिंग जोन में सुबह से लेकर शाम तक गर्मी से बचने के लिए कोई भी व्यक्ति जा सकेगा। इस तरह का पहला कूलिंग जोन जामा मेट्रो स्टेशन के बाहर बनाया गया है। इनमें दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) स्टाफ भी तैनात किया गया है। अधिकारियाें के मुताबिक ऐसे कूलिंग जोन दिल्ली भर में प्रमुख मेट्रो स्टेशनों तथा बस स्टाप के आसपास अभी और भी बनाए जा रहे हैं। भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए अस्थायी तौर पर ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा सभी सार्वजनिक स्थानों- भवनों में एसी की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। काउंसिल आन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर (सीईईडब्ल्यू) के फेलो डा विश्वास चितले ने कहा, हीट एक्शन प्लान को मजबूत बनाने के लिए जोखिम-आधारित नियोजन को अपनाना भी जरूरी है, जिसमें बढ़ती आर्द्रता और शहरी हीट आइलैंड जैसे स्थानीय कारकों को ध्यान में रखा जाए।