नीमच (निप्र)। भगवान परशुराम जयंती पर शोभायात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारियों जोरों पर है। सकल ब्राह्मण कल्याण समिति, श्री परशुराम महादेव मंदिर समिति, सकल ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में अक्षय तृतीया पर परशुराम जयंती समारोह पर शाही लवाजमे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसकी तैयारियों को लेकर समिति सदस्यों व कार्यकर्ताओं ने गांव -गांव व ढाणी-ढाणी जाकर समाज बंधुओं से संपर्क कर पीले चावल भेंट कर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण दे रहे है।
इस बार शोभायात्रा शाही लवाजमे के साथ निकाली जाएगी। जिसमें आध्यात्मिक धुन बजाने वाला सनातनी बैंड, शाही लवाजमा, भगवान परशुराम की सजीव झांकी, डीजे, महाआरती, शंखनाद आदि आकर्षण का केन्द्र होंगे। सकल ब्राह्मण समाज कल्याण समिति अध्यक्ष दिलीप शर्मा , सकल ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ मधु चतुर्वेदी ने बताया भगवान श्री परशुराम महोत्सव पर इस बार 10 वां दो दिवसीय आयोजन 29 अप्रैल व 30 अप्रैल को किया जाएगा। इसकी तैयारियां की जा रही है। अभी कार्यकर्ता समाज के लोगों के घर घर जाकर पत्रक एवं पीले चावल बांट रहे हैं।
दो दिवसीय यह होंगे भव्य आयोजन-
29 अप्रैल को भगवान परशुराम का महाभिषेक एवं महाआरती सुबह 5 बजे, श्री परशुराम मंदिर एलआईसी चौराहा शिक्षक काॅलोनी, नीमच पर होगा। शाम 4 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें संस्कृत श्लोक, मंत्र, स्त्रोत प्रतियोगिता अधिकतम 2 मिनट रहेगी। बहुरुप पोशाक, फैंसी ड्रेस, प्रतियोगिता एवं एकल, युगल, समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह टाउनहाल नीमच पर रखा गया है।
30 अप्रैल को रांगोली प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से 10 बजे तक एवं चित्रकला प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से 11 बजे तक श्री परशुराम महादेव मंदिर, एलआईसी चौराहा, शिक्षक कालोनी पर रखी गई है।
श्री परशुरामजी का दिव्य रथ रहेगा मुख्य आकर्षण का केंद्र-
इस बार भगवान श्री परशुराम जी का दिव्य रथ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। 30 अप्रैल शाम 4 बजे रतनदेवी मांगलिक भवन गांधीवाटिका के पास से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभा यात्रा में प्रसिद्ध सतानती बैंड, मनमोहक ढोल, पुष्प इत्र वर्षा, आकर्षक डीजे मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगे। शोभायात्रा में पुरुषों की वेशभूषा सफेद कुर्ता, पायजामा एवं महिलाओं की वेषभूषा लालचूनर रहेगी। शोभायात्रा शहर के रतनदेवी मांगलिक भवन गांधीवाटिका के पास से प्रारंभ होकर फिरोजशाह पेट्रोल पंप, जाजू बिल्डिंग, घंटाघर, पटेल चाल, कमल चौक, विजय टाकीज चौराहा से पुन: रतनदेवी मांगलिक पर सम्पन्न होगी। इसके पश्चात भगवान श्री परशुरामजी की महाआरती रात 8 बजे होगी । महाआरती के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा।यह जानकारी सकल ब्राह्मण कल्याण समिति सचिव विजय तिवारी ने दी।