जबलपुर। मंगलवार देर रात हड्डीगोदाम थाना क्षेत्र में साली की हत्या और पत्नी को घायल करके भागे इमरान कबाड़ की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। हनुमानताल पुलिस ने बताया कि हड्डी गोदाम निवासी इमरान कबाड़ बेचने का काम करता है। पिछले कुछ दिनों से इमरान का पत्नी नाजिया से विवाद चल रहा था। मंगलवार दोपहर नाजिया अपने मायके आ गई थी। रात ११ बजे इमरान पहुंचा। नाजिया से विवाद कर उसने चाकू से एक के बाद एक छह से अधिक वार कर दिए। नाजिया की बहन आयशा अपनी बहन को बचाने दौड़ी तो इमरान ने उस पर भी वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। खून से लथपथ दोनों बहनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत आयशा को मृत घोषित कर दिया। वही हालत नाजुक होने के कारण नाजिया को आईसीयू में भर्ती कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इमरान जो पेशे से कबाड़ी है उसका सात साल पहले नाजिया से विवाह हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं। इमरान जब अपनी ससुराल अपने बीवी से बात करने पहुंचा तो २ मिनट में ही इतना आग बबूला हो गया कि चाकू निकाल लिया। लेकिन इस दो मिनट के गुस्से में एक जिंदगी खत्म हो गई और २ मासूम बच्चों की जिंदगी खराब हो गई।