अमरनाथ यात्रा 29 जून से होगी शुरू, रजिस्ट्रेशन शुरू न होने से दुविधा में श्रद्धालु, ट्रेनों में रिजर्वेशन होगा मुश्किल

अमरनाथ यात्रा 29 जून से होगी शुरू, रजिस्ट्रेशन शुरू न होने से दुविधा में श्रद्धालु, ट्रेनों में रिजर्वेशन होगा मुश्किल

भोपाल । अमरनाथ यात्रा इस साल 29 जून से आरंभ होकर 19 अगस्त रक्षा बंधन तक चलेगी। इस बार यात्रा कुल 52 दिन की रहेगी। अब तक यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं होने और हेल्थ सर्टिफिकेट बनाने वाले सरकारी डॉक्टर्स के नाम की सूची जारी नहीं होने से यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के समक्ष दुविधा की स्थिति बनी हुई है। इसकी वजह यह है कि रजिस्ट्रेशन होने के बाद उन्हें जम्मू जाने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन कराना होगा। जितनी देर से रजिस्ट्रेशन होगा, ट्रेन में रिजर्वेशन मिलना उतना मुश्किल हो जाएगा।

ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के सचिव रिकू भटेजा ने बताया कि जम्मू एंड कश्मीर आदि बैंक में अब तक रजिस्ट्रेशन शुरू नहीं किए गए हैं। और ना ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हुई है। उन्होंने बताया कि अमरनाथ श्राइन बोर्ड का कहना है कि 15 अप्रैल के बाद रजिस्ट्रेशन शुरु होंगे। मंडल ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वालों के हेल्थ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए अमरनाथ श्राइन बोर्ड से मप्र में डॉक्टर्स की नियुक्ति करने की मांग की है। भटेजा ने बताया कि यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होता है। रजिस्ट्रेशन तभी होता है, जब डॉक्टर द्वारा प्रदत्त हेल्थ सर्टिफिकेट साथ में संलग्न किया जाए। गत वर्ष मप्र में 136 और भोपाल में 4 डॉक्टर की नियुक्ति की गई थी। इस साल अब तक डॉक्टर्स के नाम की सूची जारी नहीं हुई है। जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हर साल भोपाल से 12 से 15 हजार लोग अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। पूरे प्रदेश से जाने वालों की संख्या 40 हजार से अधिक रहती है।