भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 10वीं के लिए कुछ साल पहले शुरू की गई बेस्ट आफ फाइव योजना को बंद कर दिया है। दरअसल मंडल की 2017 में आयोजित हुई 10वीं की बोर्ड परीक्षा में आधे से अधिक परीक्षार्थी फेल हो गए थे। इसके बाद मंडल ने 10वीं में बेस्ट आफ फाइव योजना को लागू किया था। इसमें किसी भी किसी एक विषय में फेल होने पर भी परीक्षार्थी पास कर दिया जाता था।परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए माशिमं ने नौवीं और 10वीं में बेस्ट फाइव योजना लागू की थी। इसमें परीक्षार्थी सभी छह विषय की परीक्षा में शामिल होते थे, लेकिन सर्वाधिक पांच अंक लाने वाले विषयों के नंबर जोडक़र रिजल्ट घोषित किया जाता था, जबकि सबसे कम अंक आने वाले विषय को रिजल्ट में शामिल नहीं किया जाता था। बेस्ट ऑफ फाइव लागू होने के बाद 10वीं के वर्ष 2018 के रिजल्ट में काफी सुधार आया, लेकिन योजना का असर यह हुआ कि विद्यार्थियों ने गणित, विज्ञान व अंग्रेजी पर ध्यान देना बंद कर दिया। पिछले सालों में 10वीं के गणित व अंग्रेजी में सबसे ज्यादा विद्यार्थी फेल हुए। इसी कारण से नए शिक्षा सत्र से इस योजना को बंद कर दिया गया है।माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा इस शिक्षा सत्र से पहली बार 10वीं के विद्यार्थियों को सामान्य गणित व उच्च गणित का विकल्प दिया जाएगा। इस संबंध में माशिमं सचिव केडी त्रिपाठी ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दरअसल माशिमं ने उच्च गणित और सामान्य गणित का सत्र 2023-24 में नौवीं कक्षा से लागू किया है। इसमें विद्यार्थी उच्च और सामान्य गणित में कोई एक विकल्प चुन सकता है। 10वीं में भी इस विकल्प को जोड़ दिया गया है।