लाड़ली बहना योजना जीवन बदलने का अभियान : मुख्यमंत्री श्री चौहान

लाड़ली बहना योजना जीवन बदलने का अभियान : मुख्यमंत्री श्री चौहान


मेरा सौभाग्य है कि मैं सवा करोड़ लाड़ली बहनों का भाई हूँ

नीमच। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में शुरू की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना केवल योजना ही नहीं, बल्कि बहनों का जीवन बदलने का अभियान है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को धनराशि दिलाने के साथ मन में विश्वास और आत्म-सम्मान भी बढ़ाया है। बेटी के बगैर जीवन-चक्र नहीं चल सकता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए बालिका और महिला केन्द्रित महत्वाकांक्षी योजनाएँ मध्यप्रदेश सरकार ने शुरू की है। प्रदेश में इस योजना का लाभ एक करोड़ 25 लाख बहनों को मिल रहा है, जिनके बैंक खाते में प्रतिमाह की 10 तारीख को 1000 रूपये की राशि जमा कराई जा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान नीमच जिले की मनासा उपखण्‍ड मुख्‍यालय पर सोमवार को लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

     मुख्यमंत्री ने विकास पर्व के दौरान 1245.43  करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। प्रदेश के वित्‍त मंत्री श्री जगदीश देवडा, एमएसएमई मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा, मनासा विधायक श्री अनिरूद्ध मारू, नीमच विधायक श्री दिलीप सिह परिहार, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री सज्‍जनसिह चौहान, श्री पवन पाटीदार, पूर्व मंत्री श्री कैलाश चावला, पूर्व विधायक श्री विजेन्‍द्र सिह मालाहेडा, सहित जन-प्रतिनिधि और हजारों लाड़ली बहनें एवं नागरिक उपस्थित थे।

    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहनों की आँखों में आँसू नहीं आने दूँगा। सबके चेहरे पर मुस्कुराहट लाकर ही चैन से बैठूंगा। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं सवा करोड़ लाड़ली बहनों का भाई हूँ। भाई ने सोचा कि साल में एक बार नहीं, हर महीने बहनों के खाते में राशि देना चाहिये। इसीलिये लाड़ली बहना योजना शुरू की। शुरूआत 1000 रूपये से की है, लेकिन धीरे-धीरे इसे बढ़ाकर 3000 रूपये किया जायेगा। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए उनकी आमदनी प्रतिमाह 10 हजार रूपये तक करने का लक्ष्य है।         उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए स्व-सहायता समूह से जोड़ा जा रहा है, साथ ही समूहों को कार्य भी दिये जा रहे हैं। बहना के हाथ में पैसा होने पर उनका घर और समाज में सम्मान बढ़ेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बहनों फिर से 10 तारीख आ रही है। आपके खाते में फिर राशि डाली जायेगी।

स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत तक भागीदारी

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा राज्य है, जहाँ स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। प्रदेश में महिलाएँ पंचायत और नगरीय निकाय का सफलता से संचालन कर रही हैं। समाज में महिलाओं की हिस्सेदारी और ताकत, दोनों बढ़ी हैं। प्रदेश में नया कानून लाकर बेटियों के साथ दुराचार करने वालों को फाँसी की सजा दिलाई जा रही है और आरोपियों के घर बुलडोजर से गिराये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की राशि 2000 रूपये बढ़ाई गई

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि छोटे किसानों की माली हालत सुधारने के लिये प्रधानमंत्री सम्मान-निधि में 6000 रूपये की राशि 3 किश्तों में दी जा रही है। राज्य सरकार ने पहले 4000 रूपये की राशि अपनी ओर से किसानों के खाते में डाली, अब इसे बढ़ाकर 6000 रूपये तक किया गया है। किसानों के खाते में अब पूरे वर्ष 12 हजार रूपये की राशि डाली जा रही है।