📰 पूरी खबर:


अलीगढ़। भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम काट रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक का नाम कुलदीप और दूसरे का अजय चौधरी है। दोनों एटीएम मशीन को काटकर ले जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान गश्त कर रहे कॉन्स्टेबल की नजर उन पर पड़ गई। कॉन्स्टेबल ने सूझबूझ दिखाते हुए एटीएम वाली दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया और थाने में सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि निगरानी कर रहे उनके साथी फरार हो गए।
मीडिया रिपोर्ट में एएसआई के मुताबिक देर रात एमएसजे कॉलेज के सामने बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम को दो बदमाश काट रहे थे। इसी दौरान कॉन्स्टेबल उदय सिंह गश्त करते हुए वहां पहुंचे। उन्होंने दोनों को एटीएम मशीन काटते देखा तो तुरंत दुकान का शटर बंद कर दिया। इसके बाद थाने में सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान के अंदर बंद दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजय चौधरी निवासी अभोर्रा, जिला डीग और कुलदीप निवासी इगलास, जिला अलीगढ़ बताया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कटर मशीन, हथौड़ा समेत कई औजार बरामद किए हैं। मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बाइक की नंबर प्लेट पर टेप लगा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात में कुछ और लोग भी शामिल थे। उनके साथी एक गाड़ी से आसपास निगरानी कर रहे थे और एटीएम काटने के बाद मशीन को उसी गाड़ी से ले जाने की योजना थी। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही वे मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।