गुमला।गुमला जिला के बिशुनपुर थाना क्षेत्र के लापू गांव के गोरियाटांड़ में रविवार रात लगभग 10 बजे बच्चा चोर की अफवाह में एक अज्ञात विक्षिप्त महिला की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना तेतरा उरांव के घर के समीप की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार उक्त महिला दो दिन पहले लबगा गांव में भी विक्षिप्त अवस्था में घूमते हुए देखी गई थी। रविवार रात वह लापू गांव के जंगल से सटे गोरियाटांड़ टोला पहुंच गई और एक घर के पास केले की झाड़ी में छिपकर बैठी थी। इसी दौरान क्षेत्र में बच्चा चोर आने की अफवाह फैली हुई थी। महिला को संदिग्ध स्थिति में देख ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया।बताया जाता है कि गोरियाटांड़ टोला में महज चार घर हैं और यह टोला लापू गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल से सटा हुआ है। महिला के दिखने पर ग्रामीणों में भय और अफवाह फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और महिला की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बिशुनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया।थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने बताया कि बच्चा चोर की अफवाह में महिला की पिटाई कर हत्या कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वहीं मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से महिला की तस्वीर साझा कर उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।