चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में डायन होने के शक में एक महिला और उसके मासूम बच्चे को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इस दर्दनाक घटना में मां और बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात की जानकारी बुधवार को पुलिस को तब हुई जब 12 आरोपियों ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। 
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि गांव के करीब 12 लोगों ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से गांव में बीमारी और अन्य घटनाओं को लेकर अफवाहें फैली थीं। इसके लिए महिला और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया जा रहा था। मंगलवार देर रात ग्रामीणों के एक समूह ने महिला और उसके परिवार को निशाना बनाया। देर रात आरोपितों ने घर में घुसकर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आग की लपटों में महिला और उसका मासूम बच्चा बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गांव में दहशत का माहौल है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। बुधवार सुबह सभी आरोपित स्वयं कुमारडुंगी थाना पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने सभी 12 आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।