बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। वायरल होने की चाहत में अपनी जान जोखिम में डालना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। मामला बबेरू कोतवाली कस्बे के करूड्या पुरवा का है, जहां 27 वर्षीय मोहिनी नाम की महिला रील के लिए फांसी का सीन रिकॉर्ड कर रही थी, लेकिन तभी अचानक फंदा कस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मोहिनी को सोशल मीडिया पर रील बनाने का काफी शौक था और वह अक्सर नए-नए तरीकों से वीडियो शूट करती रहती थी। जिस समय यह घटना हुई, महिला का पति जगदीश काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। अकेलेपन का फायदा उठाकर मोहिनी ने रील बनाने की योजना बनाई। उसने छत के हुक पर रस्सी डालकर फांसी का एक फंदा तैयार किया और सामने मोबाइल कैमरा सेट कर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। अभिनय के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और गले में पड़ा फंदा वास्तव में कस गया। मोहिनी ने खुद को बचाने की काफी जद्दोजहद की, लेकिन फंदा कसता चला गया और दम घुटने से उसकी जान चली गई। हादसे का पता तब चला जब महिला की 4 वर्षीय बेटी कमरे में पहुंची। अपनी मां को फंदे पर लटका देख वह बुरी तरह डर गई और जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला रील बनाने के दौरान हुए हादसे का लग रहा है, क्योंकि मौके पर मोबाइल कैमरा रिकॉर्डिंग मोड में मिला था। हालांकि, पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत अन्य सभी पहलुओं पर भी गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। यह घटना उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो चंद लाइक्स और फॉलोअर्स की खातिर खतरनाक स्टंट और संवेदनशील दृश्यों को बिना सुरक्षा के फिल्माते हैं।