📰 पूरी खबर:
बिलासपुर । रात के अंधेरे में सुनसान सडक़, पंचर स्कूटी और अचानक झपट्टा... लेकिन इस बार शातिर चेन स्नैचर्स पुलिस से बच नहीं सके। पुलिस ने 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर न सिर्फ आरोपियों तक पहुंच बनाई, बल्कि लूट की पूरी साजिश का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि लूटी गई सोने की चेन और लॉकेट तक, जिसे गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रख दिया गया था, पुलिस ने बरामद कर लिया।
23 मार्च की रात करीब 10 बजे शोभना भाण्डेकर अपने भाई के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। रिंगरोड-2 में स्कूटी पंचर हो गई, जिसके बाद दोनों धीरे-धीरे वाहन बढ़ा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें आसान निशाना मान लिया। पल्लव भवन के पास पेट्रोल पंप के सामने एक आरोपी रॉन्ग साइड से आया और झपट्टा मारकर गले से करीब 1.10 लाख रुपए कीमत की सोने की चेन व लॉकेट लूट लिया। इसके बाद वह सडक़ पार खड़े अपने साथी की मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एसीसीयू और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम ने शहरभर के 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। घेराबंदी कर देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र से दोनों आरोपियो शेख सलमान (27) और आकाश उर्फ आशु नायक (23)को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूरी प्लानिंग का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने पंचर स्कूटी देख पहले ही पीडि़ता को टारगेट बना लिया था। ऑटो से पीछा करते हुए सही मौके का इंतजार किया और सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोटरसाइकिल, ऑटो, 5000 रुपए नकद और लूटी गई सोने की चेन-लॉकेट बरामद किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आभूषण को गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का लोन ले लिया था। इस शानदार कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम की सराहना करते हुए पुरस्कार की घोषणा की गई है।