भोपाल । शहर के यात्रियों के लिए बड़ी राहत और सुविधाओं का नया दौर शुरू होने जा रहा है। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की तर्ज पर अब भोपाल रेलवे स्टेशन को 170 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक रूप दिया जाएगा, जो 2028 तक तैयार होगा। इसके बाद यात्रियों को रूफटॉप स्टेशन, स्काईवाक के जरिए निशातपुरा रेलवे स्टेशन तक सीधी कनेक्टिविटी, बेहतर प्लेटफॉर्म और हाईटेक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। वहीं बीना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर करीब 98 करोड़ रुपए की लागत से री-डेवलपमेंट किया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है और कार्य जल्द शुरू होगा। 2028 तक यहां भी आधुनिक सुविधाएं शुरू होने से यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।
भोपाल जंक्शन रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने के तहत रूफटॉप प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा, जहां मल्टीकुजीन रेस्टोरेंट और आईपाड होटल खोले जाएंगे। यात्रियों को फ्री वाई-फाई और मल्टी लेवल पार्किंग जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। स्काईवाक के जरिए स्टेशन को निशातपुरा रेलवे स्टेशन से जोड़ा जाएगा, जिससे इंदौर रूट के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और उन्हें सडक़ मार्ग की परेशानी से राहत मिलेगी।
भोपाल जंक्शन के कार्य
भोपाल रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इसमें दो आगमन ब्लॉक और दो फुट ओवर ब्रिज का निर्माण शामिल है। 36 मीटर चौड़ा फूड प्लाजा, मल्टी लेवल कार पार्किंग और दो कमर्शियल ब्लॉक बनाए जाएंगे। नया स्टेशन भवन और प्रवेश पोर्च तैयार होगा, साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार किया जाएगा। प्लेटफार्म 1 से 6 तक की सतह में सुधार, शौचालय ब्लॉक, वेटिंग हाल और टिकट काउंटर क्षेत्र का उन्नयन किया जाएगा। दिव्यांगजन के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी तथा एस्केलेटर और लिफ्ट की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
बीना जंक्शन के कार्य
बीना रेलवे स्टेशन पर री-डेवलपमेंट के तहत नया स्टेशन भवन और फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए छह लिफ्ट और छह एस्केलेटर लगाए जाएंगे। एयर कानकोर्स का निर्माण किया जाएगा, जिससे आवागमन आसान होगा। प्लेटफार्म का नवीनीकरण, प्रवेश पोर्च का सुधार और सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार किया जाएगा। साथ ही करीब 2800 वर्ग मीटर में पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। भोपाल और बीना रेलवे स्टेशनों का बड़े स्तर पर री-डेवलपमेंट किया जा रहा है। इस योजना के तहत आधुनिक सुविधाएं, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद यात्रियों को आसान, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।