जबलपुर। इंदौर के बहुचर्चित युवक अक्षय शर्मा अपहरण और हत्याकांड के मामलें में फरार तीन आरोपियों को जबलपुर पुलिस ने राइट टाउन स्थित एक कथित भाजपा नेत्री के घर से दबिश देकर पकड़ा। आरोपियों पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह कथित भाजपा नेत्री से मुख्य आरोपी शशिकांत का रिश्ता सास और दामाद का बताया जा रहा है| जानकारी के अनुसार इंदौर में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शशिकांत शर्मा, रवि शर्मा और गौरव शर्मा फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी शशिकांत शर्मा अपनी सास शिखा शर्मा, जो स्वयं को भाजपा नेत्री बताती हैं, के घर राइट टाउन में छिपा हुआ है।
कोतवाली सीएसपी रितेश कुमार शिव के नेतृत्व में लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य और उनकी टीम ने गुरुवार शाम घर पर दबिश दी और शशिकांत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों रवि शर्मा और गौरव शर्मा को पास के एक अन्य घर से पकड़ लिया।
गौरतलब है कि 17 जनवरी को आरोपियों ने मिलकर अक्षय शर्मा का अपहरण किया था। उसे जबरन कार में बैठाकर इंदौर से करीब 100 किलोमीटर दूर शाजापुर ले जाया गया। वहां एक फार्महाउस में उसे निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि आरोपियों ने गर्म लोहे की रॉड से उसके शरीर को दागा और अमानवीय यातनाएं दीं।
गंभीर हालत में 18 जनवरी को उसे इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में छोड़ दिया गया था। इलाज के दौरान 22 जनवरी को अक्षय की मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि अक्षय का अपने चाचा गोविंद शर्मा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
अब तक छह आरोपी गिरफ्तार
इस हत्याकांड में कुल आठ से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले विनोद, राहुल और रिंकू को इंदौर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। अब जबलपुर से शशिकांत, रवि और गौरव की गिरफ्तारी के बाद मामले में छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार सत्यम और एक अन्य रवि अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।