भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। इजराइल-यूएस और ईरान युद्ध के चलते देश में एलपीजी की शॉर्टेज के बीच यहां कोहेफिजा थाना क्षेत्र के ओम नगर में पूर्व जज विमल कुमार जैन के घर से चार गैस सिलेंडर चोरी हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक घटना 14 मार्च की रात 12:30 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन बदमाश देर रात घर के नीचे स्थित पार्किंग में पहुंचे। वहां रखे चार खाली घरेलू गैस सिलेंडरों को उन्होंने आसानी से उठाया और फरार हो गए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीनों आरोपी बाइक पर आते और सिलेंडर ले जाते नजर दिख रहे हैं। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्होंने देखा कि पार्किंग में रखे सिलेंडर गायब हैं। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई। इसके बाद पूर्व जज के बेटे और पेशे से वकील रॉबिन जैन ने थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने संदिग्धों के स्केच तैयार कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व जज के घर को निशाना बनाए जाने से लोगों में चिंता और बढ़ गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।