भोपाल । भाजपा अपने प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत ऊपर से लेकर नीचे तक के पदाधिकारियों को ट्रेनिंग देगी। आगामी कार्यक्रम और संगठन को किस तरह से चलाना है, इसके लिए प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन शुरू किए जा रहे हैं। प्रदेश और जिला स्तर का प्रशिक्षण वर्ग गुरूवार को भोपाल में होगा, जिसमें संगठन प्रभारी भी मौजूद रहेंगे।
प्रदेश संगठन के साथ-साथ भाजपा ने जिला स्तर पर अध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। कई जगह तो कार्यकारिणी बने 1 साल हो गया है। कार्यकारिणी किस तरह से काम करें और पार्टी की गाइड लाइन पर किस तरह से पदाधिकारी और कार्यकर्ता चले, इसको लेकर भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन कर रही है। गुरूवार को भोपाल में बड़ा प्रशिक्षण वर्ग रखा गया है। इस वर्ग में प्रदेश के पदाधिकारी,जिलाध्यक्ष, जिला और संभाग प्रभारियों के साथ-साथ अभी तक घोषित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। वर्ग में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल सहित वरिष्ठ नेता मौजूद होंगे। अलग-अलग सत्र में विभिन्न विषयों पर प्रदेश और केन्द्र के नेता पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद जिला स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग रखा जाए, जिसमें 11 सत्र होंगे और 11 विषयों पर अनुभवी नेता संबोधित करेंगे। इसके बाद मंडल और बूथ स्तर तक प्रशिक्षण वर्ग के आयोजन किए जाना है।