इन्दौर । पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर छः आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है पूछताछ में पुलिस को आरोपियों ने मामूली कहासुनी में मर्डर करना बताया है। मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र का है जहां कल गुना से इन्दौर रोजी-रोटी कमाने आए रेनसिंह पिता बालजी बारेला उम्र पच्चीस साल हाल मुकाम तिल्लौर की रक्त रंजित लाश रालामंडल में सड़क के किनारे मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू की थी। जांच के दौरान 50 से अधिक CCTV कैमरे खंगाले गए तथा 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। CCTV फुटेज में रात करीब 2 बजे एक संदिग्ध ऑटो रिक्शा और स्कूटी घटना स्थल की दिशा में जाती दिखाई दी जिस पर तकनीकी व मैदानी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई। और हत्या के इस मामले में छ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम विरेन्द्र उर्फ गोलू सिंह ठाकुर उम्र 32 वर्ष, लोकेश उर्फ लक्की पाटीदार उम्र 33 वर्ष, राजेश उर्फ राजा खेडे उम्र 31 वर्ष, किशोर पाटीदार उम्र 38 वर्ष, प्रवीण उर्फ नजरू पाटीदार उम्र 23 वर्ष और विष्णु उर्फ अन्ना गवली उम्र 22 वर्ष सभी निवासी तिल्लौर खुर्द है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मामूली कहासुनी के बाद उन्होंने मृतक के साथ मारपीट की थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को ऑटो रिक्शा से रालामंडल पुलिया के नीचे फेंक दिया था और भाग गए थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।