उदयपुर।उदयपुर के गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर सोमवार दोपहर में घसियार स्थित श्रीनाथजी मंदिर के बाहर एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पार कर रही एक महिला पर्यटक को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। “जानकारी के मुताबिक, मृतका गुजरात से अपने परिवार के साथ मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करने आई थी। परिवार के सदस्य श्रीनाथजी के दर्शन कर खुश थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि मंदिर के ठीक बाहर मौत उनका इंतजार कर रही है। जब महिला सड़क पार कर रही थी, तभी सामने से आ रहे बेकाबू ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। “सड़क पर बैठ बिलखते रहे अपने हादसे के बाद का मंजर रूह कंपा देने वाला था। जैसे ही ट्रेलर महिला को कुचलकर निकला, मौके पर चीख-पुकार मच गई। महिला के साथ आए परिवार के सदस्य सुध-बुध खो बैठे। वे सड़क पर बिखरे शव के पास ही बैठ गए और फूट-फूटकर रोने लगे। अपनों को इस तरह खोने का दर्द देखकर वहां मौजूद राहगीरों की आंखें भी नम हो गईं। देखते ही देखते हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। “मौके से फरार हुआ चालक दर्दनाक हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बड़गांव थाना पुलिस का जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। “हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार ट्रेलर का पता लगाया जा सके। गौरतलब है कि इस हाईवे पर लगातार दूसरे दिन हादसा हुआ है, जिससे प्रशासन और पुलिस की पेट्रोलिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। कल भी हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया था।