📰 पूरी खबर:
रतलाम/नीमच।दक्षिण पूर्व रेलवे को एक अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व प्राप्त हुआ है। भारतीय रेलवे के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी नीमच निवासी श्री अनिल कुमार जैन ने महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व रेलवे के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अपनी नवीन नियुक्ति से पूर्व वे उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर में प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता के पद पर कार्यरत थे। उनके इस महत्वपूर्ण पदभार ग्रहण करने से नीमच सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
भारतीय रेलवे विद्युत सेवा (IRSEE) के 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी श्री जैन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रामपुरा से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने जीईसी, उज्जैन से बी.टेक. (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) तथा आईआईटी दिल्ली से एम.टेक. (स्वर्ण पदक) की उपाधि अर्जित की।
श्री जैन, श्री रमेश चन्द्र जैन (सेवानिवृत्त पोस्ट मास्टर) एवं श्रीमती पवन कुमारी जैन, निवासी नीमच, के सुपुत्र हैं। उनके भाई श्री मनोज जैन नीमच में ADEO के पद पर कार्यरत हैं। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती विधु जैन चित्तौड़गढ़ की निवासी हैं। श्री जैन अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों तथा अपने गुरुजनों, विशेष रूप से श्री अरविन्द लक्कड़ को देते हैं, जिन्होंने उनके छात्र जीवन में मार्गदर्शन किया।
अपने उत्कृष्ट एवं बहुआयामी सेवाकाल में श्री जैन ने भारतीय रेलवे के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने दक्षिण रेलवे में लगभग 10 वर्षों तक सहायक विद्युत अभियंता, मंडल विद्युत अभियंता तथा उपमुख्य मुख्य विद्युत अभियंता (मुख्यालय) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
इसके अतिरिक्त उन्होंने पश्चिम मध्य रेलवे में लगभग साढ़े पाँच वर्ष तक उप महाप्रबंधक एवं महाप्रबंधक के सचिव के रूप में सेवाएँ दीं। उत्तर पश्चिम रेलवे में लगभग ढाई वर्ष तक विद्युतिकरण कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा DFCCIL, जयपुर में लगभग पाँच वर्ष तक कार्य किया। इसके साथ ही उन्होंने RITES तथा गुजरात मेट्रो, अहमदाबाद में भी अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।
उत्तर पश्चिम रेलवे में उन्होंने विद्युतिकरण एवं इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। दक्षिण रेलवे में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारतीय रेलवे में पहली बार चेन्नई में रेलवे क्रू स्टाफ के लिए पेजर सुविधा उपलब्ध करवाई, जो उस समय एक अभिनव पहल मानी गई। श्री जैन को लोको मेंटेनेंस, इलेक्ट्रिक लोको शेड निर्माण, रेलवे इंजनों की विश्वसनीयता में सुधार तथा मटेरियल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें चेन्नई एवं जबलपुर में दो बार महाप्रबंधक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
विशेष उल्लेखनीय है कि उन्होंने पश्चिम रेलवे के राजकोट मंडल में मंडल रेल प्रबंधक के रूप में भी लगभग दो वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान कीं, जहाँ उनके नेतृत्व में अनेक उल्लेखनीय कार्य संपन्न हुए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी श्री जैन ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने जापान में वैगनों में भारी माल लोडिंग प्रणाली तथा दक्षिण कोरिया में गुजरात मेट्रो रोलिंग स्टॉक की डिजाइन निर्धारण संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
अध्ययनशील व्यक्तित्व के धनी श्री जैन को विभिन्न विषयों पर अध्ययन एवं पुस्तक-पठन में विशेष रुचि है। वे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं। पूर्ण विश्वास है कि उनके गतिशील, दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में दक्षिण पूर्व रेलवे नई उपलब्धियों के साथ नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।