📰 पूरी खबर:
नीमच। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस (6 अप्रैल) के अवसर पर नीमच भाजपा को नए हाईटेक जिला कार्यालय की सौगात मिलने जा रही है। आगामी 6 अप्रैल 2026, सोमवार को प्रातः 10 बजे, बंगला नं. 60 (पुरानी नगरपालिका) में नवीन जिला कार्यालय का भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित होगा।
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम ’टू-वे लिंक’ (वर्चुअल) माध्यम से संपन्न होगा।
प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक दिलीपसिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा अपने गौरवशाली 47 वर्ष पूर्ण कर 48वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर नीमच सहित प्रदेश के 16 अन्य जिलों आगर, सीहोर, सीधी, अशोकनगर, अनूपपुर, ग्वालियर, निवाडी, छिंदवाडा, पांढुरना, मउगंज, मैहर, भिण्ड, धार ग्रामीण, बुरहानपुर (कार्यारंभ), मंदसौर (कार्यारंभ), रतलाम (कार्यारंभ) में भी नवीन कार्यालयों का भूमिपूजन किया जा रहा है। ये नए कार्यालय न केवल विशाल मीटिंग हॉल, बल्कि आधुनिक डिजिटल सुविधाओं और अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे, जिससे संगठन के कार्यों में और अधिक गति आएगी।
श्री परिहार ने बताया कि 6 अप्रैल को प्रातः 10.30 बजे - स्थानीय जिला स्तर पर एकत्रीकरण, प्रातः 11 से 11.30 बजे - स्थानीय जिले में वक्ताओं के उद्बोधन, प्रातः 11.30 बजे - भोपाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोडकर लाईव कार्यक्रम आरंभ, प्रातः 11.30 बजे - अतिथि आगमन एवं ध्वजारोहण, प्रातः 11.35 से 11.40 बजे - वरिश्ठजन सम्मान, प्रातः 11.40 से 11.50 बजे - दीप प्रज्वलन व वन्दे मातरम् एवं स्वागत, प्रातः 11.50 से 12.30 बजे - अतिथि उद्बोधन एवं डॉक्यूमेन्ट्री, दोप. 12.30 बजे - स्वस्ति वाचन एवं सभी जिलों में भूमिपूजन प्रारंभ होगा। श्री परिहार ने भारतीय जनता पार्टी के समस्त कार्यकताओं सहित आमजन से भी कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
*कार्यकर्ताओं का सपना जल्द होगा साकार*
नवीन कार्यालय निर्माण के भूमिपूजन से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं का वर्षों पुराना सपना जल्द साकार होगा। इससे जिला स्तर पर संगठन की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी तथा कार्यकर्ताओं को बैठक व अन्य सांगठनिक गतिविधियों के लिए एक व्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन (सीए), संभाग प्रभारी सुरेश आर्य और सांसद सुधीर गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही, विधायक दिलीपसिंह परिहार, जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना नारायण खण्डेलवाल, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू और जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में यह अनुष्ठान पूर्ण होगा।