📰 पूरी खबर:
नीमच,04 अप्रैल। जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य मध्य प्रदेश राज्य में 16 से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना तथा 1 से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के रूप में संपन्न किया जाएगा।
जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी अतिरिक्त जिलाजनगणना अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री पराग जैन ने बताया कि जनगणना के सफल संचालन के लिए जन-सामान्य की जागरूकता और पूर्ण सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इस उद्देश्य से जनगणना निदेशालय, मध्य प्रदेश द्वारा पूरे राज्य में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है।
इसमें निःशुल्क प्रचार माध्यमों का अधिकतम उपयोग किया जाएगा जैसे नगर निकायों की कचरा संग्रहण गाड़ियों पर ऑडियो सिस्टम के माध्यम से जनगणना संबंधी संदेशों का प्रसारण, शासकीय कार्यालयों/संस्थानों के एलईडी डिस्प्ले एवं नोटिस बोर्ड पर वीडियो, स्लोगन एवं जिंगल का प्रदर्शन ,प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों एवं चौराहों पर उपलब्ध सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से संदेश प्रसारित किए जाएंगे ,स्थानीय केबल नेटवर्क, जिला स्तरीय आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आदि का उपयोग किया जाएगा।
जनसामान्य से विशेष अनुरोध
आम जन से निवेदन है कि स्व-गणना (16-30 अप्रैल) तथा मकान सूचीकरण (1-30 मई) के दौरान जनगणना कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। सही और पूर्ण जानकारी देना हर नागरिक का दायित्व है।
जनगणना संबंधी आधिकारिक स्लोगन, वीडियो एवं जिंगल निदेशालय द्वारा जारी कर दिए गए हैं, जिनका उपयोग पूरे राज्य में प्रचार-प्रसार के लिए किया जा रहा है।