📰 पूरी खबर:
कुकड़ेश्वर (प्रकाश एस जैन)। नगर में आज हनुमान जन्मोत्सव का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। नगर के चप्पे-चप्पे पर बजरंगबली के जयकारों की गूंज रही और प्रत्येक राम भक्त हनुमान मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखी गई। उत्सव का शुभारंभ तड़के 5:00 बजे से ही हो गया था, जहाँ नगर के सभी मंदिरों में विशेष अभिषेक, हवन-पूजन और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया।
इसी कड़ी में नगर के चौधरी मोहल्ला स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर पर विशेष आयोजन हुए, जहाँ सुबह 5:00 बजे भगवान का विभिन्न रसों से अभिषेक कर सुंदरकांड पाठ और हवन किया गया। इसके पश्चात खेड़ापति हनुमान मंदिर से एक विशाल चल समारोह का शुभारंभ हुआ। बैंड-बाजे, ढोल-धमाकों और डीजे की गूंज के साथ निकले इस समारोह में भक्त भक्तिमय गीतों पर नाचते-झूमते चल रहे थे। "जय-जय सियाराम" के गगनभेदी जयकारों के बीच चल समारोह में पालकी में विराजित आकर्षक हनुमान प्रतिमा सभी के आकर्षण का केंद्र रही, जिसने बरबस ही लोगों का मन मोह लिया।
यह भव्य चल समारोह नगर के तंबोली मंदिर, चमोली चौक, नीम चौक, झंडा चौक, सदर बाजार, भटवाड़ा मोहल्ला, मुखर्जी चौक, बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, मीणा चौक, लोहार मोहल्ला, गढ़िया मंदिर, जैन मंदिर, श्री राम मंदिर, चंपा बाजार और भावसार मंदिर वार्ड नंबर 1 सहित विभिन्न मार्गों से होता हुआ पुनः चौधरी मोहल्ला स्थित खेड़ापति वीर हनुमान मंदिर पहुँचा। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर चल समारोह का भव्य स्वागत किया गया और मार्ग में आने वाले मंदिरों पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। समापन पर मंदिर परिसर में भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित जनसमूह को महाप्रसादी वितरित की गई। इस पूरे आयोजन के दौरान नगर का वातावरण पूरी तरह धर्ममय बना रहा।