📰 पूरी खबर:

 

​जीरन। युवाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विधायक दिलीप सिंह परिहार द्वारा अपनी विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए जिम उपकरण आज जीरन नगर परिषद की घोर लापरवाही के कारण कबाड़  हो रहे हैं। विडंबना यह है कि जनता के टैक्स के पैसों से खरीदे गए ये सामान युवाओं के हाथों में पहुंचने के बजाय पिछले कई वर्षों से नगर परिषद कार्यालय परिसर में पड़े-पड़े सड़ रहे हैं।
​मामला केवल रखरखाव के अभाव तक सीमित नहीं है। नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता के कारण परिषद कार्यालय में रखे इन कीमती उपकरणों में से अधिकांश सामान चोरी हो गए है। शेष बचे हुए उपकरण खुले आसमान के नीचे धूप और बारिश में पड़े रहने के कारण जर्जर हो चुके हैं और अब उपयोग के लायक भी नहीं बचे हैं।
​नगर परिषद परिसर पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होने का दावा किया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि सुरक्षित रखे भारी-भरकम जिम के सामान आखिर गायब कैसे हो गए? क्या यह महज बाहरी लोगों की करतूत है, या फिर ऑफिस की मिलीभगत से इस सरकारी संपत्ति को चुरा लिया है ? सीसीटीवी की मौजूदगी के बावजूद सामान का चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े करता है।