📰 पूरी खबर:


  
सिंगोली ( निरंजन शर्मा )।नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 160 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया व एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में सिंगोली थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की।
ग्राम फुसरिया आमरोड पर चेकिंग के दौरान सिल्वर रंग की मारुति सुजुकी अर्टिगा क्रमांक आरजे 17 यूए 6450 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन घुमाकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ा और तलाशी में 160 ग्राम एमडी बरामद की।
पुलिस ने जुनैद अख्तर (25) और दानिश उर्फ शानू (33), निवासी कोटा राजस्थान, को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक कार और दो मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 24 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है।