नीमच। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं नीमच नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि करणसिंह परमार (करण दादा) का १७ मार्च २०२६ मंगलवार को दुखद निधन हो गया है। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर फैलते ही नीमच के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्वर्गीय श्री नारायणसिंहजी (लालाराम जी) परमाल के सुपुत्र एवं गज़वीर सिंह परमाल के पूज्य पिताजी, करण दादा की अंतिम यात्रा सायं ४:०० बजे उनके निज निवास सूरज कुंज, सब्जी मंडी, नीमच से प्रारंभ हो अंतिम विदाई के लिए बैकुंठ रथ वाहन द्वारा उन्हें सिटी रोड स्थित मुक्तिधाम ले जाया गया, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
करण सिंह परमार नीमच जिले की राजनीति के उन गिने-चुने नेताओं में से थे, जिन्होंने संगठन और सत्ता के विभिन्न पदों पर रहते हुए हमेशा जनता और कार्यकर्ताओं के हितों की बात की। भाजपा में प्रदेश कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने के साथ-साथ, वर्तमान में वे नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि के रूप में शहर के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे
उनकी मिलनसारिता के रूप में उनकी पहचान ने उन्हें हर वर्ग में लोकप्रिय बनाया था। उनके निधन को भाजपा और नीमच शहर के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने करण दादा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।