नीमच। रोटरी भवन गोमाबाई रोड स्थित रोटरी क्लब में जिला युवा प्रेसक्लब द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी में आधुनिक तकनीक, पत्रकारिता की शुचिता और सामाजिक सरोकारों पर गंभीर मंथन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री व जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि आने वाले 3 साल में तकनीक इतनी उन्नत होगी कि डॉक्टरों को मरीज को छूने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति ला रहा है, जिससे सटीक निदान और रिमोट मॉनिटरिंग के जरिए बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
सकलेचा ने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि उस वक्त हमने जूनियर डॉक्टरों के भरोसे जंग लड़ी थी। विधायक माधव मारू और हमारे संयुक्त प्रयासों से नीमच में संक्रमण को रोकने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि नीमच के डीएनए में तरक्की है और विकसित राष्ट्र बनाने में मीडिया को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

लोकतंत्र के स्तंभों की मजबूती पर जोर-
मनासा विधायक माधव मारू ने कहा कि आज सूचनाओं का दौर तत्काल का है। प्रेस की छवि को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, इसके लिए वरिष्ठों से मार्गदर्शन लेना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि राजनीति और पत्रकारिता दोनों का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है। नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने पत्रकारों को प्रशासन और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने जोर दिया कि पत्रकारों के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और उनकी लेखनी से पीड़ित को न्याय मिलना ही सच्ची पत्रकारिता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं और समाज की सहभागिता से ही क्षेत्र का विकास संभव है। भाजपा हमेशा जनसेवा के संकल्प के साथ काम करती है।

वरिष्ठ पत्रकारों ने दी सीख, तथ्य और निष्पक्षता है सबसे बड़ी पूंजी-
संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों का अपना महत्व है, लेकिन तथ्यों की पुष्टि के बिना खबर नहीं चलानी चाहिए। कवि व पत्रकार सुरेश सन्नाटा ने कहा कि पत्रकारिता में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, सच को सामने लाना ही मूल उद्देश्य है। दिनेश प्रजापति ने टीआरपी की दौड़ में प्रमाणिकता को बचाए रखने की अपील की। वहीं कपिल चौहान ने पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों को घेरा। वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण शर्मा ने कानूनी प्रावधानों और संपादक राजेश मानव ने ज्ञान व अध्ययन को पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी बताया।

आस्था का सम्मान, अतिथियों को भेंट की भादवामाता की तस्वीर-
समारोह की गरिमा को बढ़ाते हुए आयोजन समिति द्वारा सभी मुख्य अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान परंपरा और श्रद्धा का निर्वहन करते हुए सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह के रूप में मप्र की प्रसिद्ध शक्तिपीठ आरोग्य देवी 'मां भादवामाता' की तस्वीर भेंट की गई।

वरिष्ठों का सत्कार, इन पत्रकारों की लेखनी का हुआ सम्मान- 
पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबी सेवाओं और समाज को दिशा देने वाले जिले के वरिष्ठ पत्रकारों का मंच से सम्मान किया गया। इनमें धर्मेंद्र शर्मा, सुरेश सन्नाटा, दिनेश प्रजापति, संजय यादव, संजय जोशी, राजेश मानव, कृष्णा शर्मा, हरीश अहीर, मुकेश सहरिया और कमलकांत जोशी शामिल रहे, जिन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनकी लेखनी को सराहा गया।

जीवन रक्षा की सौगात, सुरक्षा की दृष्टि से पत्रकारों को दिए हेलमेट-
समाज को जागरूक करने वाले पत्रकारों की स्वयं की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने इस मंच से अनूठी पहल की। यातायात पुलिस अधिकारी सोनू बडगुर्जर ने दोपहिया वाहन चलाते समय सुरक्षा की महत्ता बताई और कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने अपील की कि पत्रकार स्वयं हेलमेट पहनकर समाज के लिए रोल मॉडल बनें।

अतिथियों के लिए विशेष किट, फोल्डर में मिली डायरी और पेन-
आयोजन में जिले के कोने-कोने से आए पत्रकार साथियों का भी विशेष ध्यान रखा गया। बाहर से पधारे पत्रकार बंधुओं को सम्मान स्वरूप एक विशेष फोल्डर प्रदान किया गया, जिसमें डायरी और पेन दिए गए। इस किट का उद्देश्य पत्रकारों को उनके लेखन और महत्वपूर्ण सूचनाओं को संकलित करने में सहयोग करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जिला युवा प्रेसक्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय, उपाध्यक्ष अब्दुल अली ईरानी, मनीष बागड़ी, विजित राव महाडिक, आनंद अहिरवार, प्रथम सिंह डोडिया, गोपाल मेहरा, पंकज मेनारिया सहित अंचल से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार पहुंचे।