मनासा। मनासा विकासखंड सह समन्वयक साक्षरता श्री मुकेश कुमार बामनिया ने बताया कि संपूर्ण विकासखंड में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत पिछले छह माह से 314 सामाजिक चेतना केंद्र पर 15 वर्ष से अधिक असाक्षर जिनके पास पढ़ने,लिखने का कोई सर्टिफिकेट नहीं है एवं पढ़ना लिखना नहीं आता है ,उन्हें अक्षर साथियों द्वारा सामाजिक चेतना केंद्रों पर पढ़ना,लिखना सिखाया जा रहा है। राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल NILP पर संस्था प्रभारी नोडल शिक्षकों द्वारा कुल 12218 असाक्षर महिला पुरुषों का पंजीयन कर , इन नवसाक्षरों को शनिवार को आयोजित उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा में 11500 महिला पुरुषों को सम्मिलित किया गया। नीमच जिले के डीपीसी श्री दिलीप व्यास ,बीआरसी श्री राजेंद्र कुनेचा विकासखंड साक्षरता सह समन्वयक श्री मुकेश कुमार बामनिया, बीएससी श्री उदयराम भाट ने इस परीक्षा का सघन निरीक्षण कर अवलोकन किया । संपूर्ण मनासा विकासखंड में प्रदेश के साथ नवभारत साक्षरता परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई है।